लखीमपुर खीरी में 7 दिन बिजली कटौती, सुबह-शाम 8 घंटे बंद रहेगी सप्लाई, जानें शेड्यूल

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में एलआरपी चौराहा से इंदिरा मनोरंजन पार्क तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। वहीं इसके लिए विद्युत लाइनों को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। लाइन शिफ्टिंग के चलते 21 से 27 सितंबर तक 33/11 केवी उपकेंद्र गढ़ी से जुड़े इलाकों में बिजली कटौती का रोस्टर जारी किया गया है।

रोज दो शिफ्ट में होगी कटौती

विद्युत विभाग के अनुसार निर्धारित रोस्टर के तहत हर दिन कुल आठ घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सुबह की पहली शिफ्ट में 6 बजे से 10 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी।

सोमवार को भी रोस्टर के मुताबिक सुबह 6 बजे से चिकवा मंडी, बजरंग पैलेस और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक भी कटौती की गई। लगातार बिजली बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

विभाग ने उपभोक्ताओं से की अपील

अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान विद्युत लाइन शिफ्टिंग जरूरी है। इसी वजह से तय समय के अनुसार बिजली बंद की जा रही है। विभाग का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होने के बाद आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

लखीमपुर डिविजन के अधिशासी अभियंता अजय सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कटौती के निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए पहले से जरूरी तैयारियां कर लें। खासकर पानी और अन्य आवश्यक जरूरतों की व्यवस्था पहले से कर लेने से परेशानी कम होगी।

Also Read: स्कूल में घुसकर शिक्षिका को मारी गोली, फिर युवक ने खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत 

रिपोर्ट : कौशलेंद्र शुक्ला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.