कानपुर में व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या, सड़क पर पड़ा मिला धड़, 12 फीट दूर गड्ढे में पड़ा था सिर

Kanpur News: कानपुर के बिल्हौर में मंगलवार सुबह व्यापारी राज किशोर पटवा (45) की हत्या कर दी गई। उनका शव बिल्हौर-मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास मिला। राहगीर ने सड़क पर शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने के बाद परिवार को जानकारी दी।

राज किशोर सुबह करीब 8 बजे साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद परिवार को उनकी हत्या की सूचना मिली। शव के पास उनकी साइकिल और अंगौछा पड़ा मिला।

12 फीट दूर पानी के गड्ढे में मिला सिर

पुलिस के मुताबिक, शव से करीब 10-12 फीट दूर पानी से भरे गड्ढे में सिर मिला। परिवार ने किसी से दुश्मनी होने की जानकारी से इनकार किया है। पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक मूल रूप से देवहा गांव के रहने वाले थे और फिलहाल बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर में पत्नी मधु और तीन बेटियों शुभी, अंशी और नैंसी के साथ रहते थे। वह महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी वस्तुओं का कारोबार करते थे।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर DSP एसएम कासिम अबीदी और ACP अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पति की हत्या की सूचना मिलते ही पत्नी और तीनों बेटियां मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बड़ी बेटी शुभी ने बताया कि उनके पिता की किसी से दुश्मनी नहीं थी। पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई हैं। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Also Read: गिनती नहीं आती तो शिवपाल जी से सीखिए, CM योगी का अखिलेश पर तंज, बोले- 6 महीने में देंगे 1 लाख सरकारी नौकरियां 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.