DPL फिक्सिंग के आरोपों पर DDCA की सफाई, कहा- रिपोर्ट में लगाए गए आरोप बेबुनियाद
Sports News: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी के आरोपों को लेकर दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने सफाई दी है।
DDCA ने हालिया रिपोर्ट्स में लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि केवल आरोपों के आधार पर किसी खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी के खिलाफ निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
DDCA ने क्या कहा?
DDCA ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि उसने DPL के कुछ खिलाड़ियों और एक फ्रेंचाइजी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट्स का संज्ञान लिया है।
एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर उपलब्ध जानकारी साझा की है और मामले की उचित प्रक्रिया के तहत जांच कराने का अनुरोध किया है।
DDCA ने कहा कि क्रिकेट की अखंडता से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सक्षम अधिकारियों की जांच में एसोसिएशन पूरा सहयोग करेगा। किसी भी कार्रवाई का फैसला जांच के निष्कर्षों और लागू नियमों के आधार पर ही किया जाएगा।
मैच नंबर 7 को लेकर क्या दावा?
तहलका SIT की रिपोर्ट में DPL के तीसरे सीजन के मैच नंबर 7 को लेकर कथित फिक्सिंग का दावा किया गया है।
यह मुकाबला सेंट्रल दिल्ली किंग्स और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक पूर्व रणजी खिलाड़ी ने मैच के आधिकारिक टॉस से पहले कथित तौर पर प्लेइंग-XI की जानकारी पैसे के बदले देने की पेशकश की थी।
रिपोर्ट में पहले 40 लाख रुपये की मांग और बाद में कथित तौर पर 3 लाख रुपये में सौदा होने का दावा किया गया है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। DDCA ने भी जांच पूरी होने से पहले किसी खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी के बारे में निष्कर्ष निकालने से बचने की बात कही है।
Also Read: India vs Japan: 2 रन से जीता भारत, जापान ने आखिरी गेंद तक बढ़ाई टीम इंडिया की धड़कनें

