आजमगढ़ में पूजा के बीच फायरिंग से हड़कंप, पत्नी और 2 पंडितों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Azamgarh Triple Murder: आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह का पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
गोली लगने से अरविंद की पत्नी बबीता और पूजा कराने पहुंचे दो पंडितों की मौत हो गई। मृतकों में पटखौली गांव निवासी महेंद्र पाठक और छितौना भटौली गांव निवासी अखिलेश मिश्रा शामिल हैं। घटना के बाद पूजा में मौजूद अन्य पंडित मौके से भाग निकले।
आधार कार्ड मांगने पर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम अरविंद के घर में पूजा चल रही थी। उस समय घर में चार पंडित, उसकी पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। पूजा होते देखकर उसने पंडितों से जानकारी ली और इसके बाद उनसे आधार कार्ड मांगने लगा।
इसी बात को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। इसी फायरिंग में तीन लोगों की जान चली गई।
राइफल से भी गोली चलने की बात
प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटना (Azamgarh Triple Murder) की पूरी वजह और मौतों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
Also Read: बलरामपुर: DJ की तेज आवाज से बेहोश हुई 12 साल की बच्ची, क्लास में हुई दर्दनाक मौत

