बलरामपुर: DJ की तेज आवाज से बेहोश हुई 12 साल की बच्ची, क्लास में हुई दर्दनाक मौत

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर में स्कूल की कक्षा के अंदर 12 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को बच्ची स्कूल में पढ़ाई कर रही थी, तभी पास के रास्ते से गणेश विसर्जन (Ganesh Visarjan) का जुलूस निकला। इस दौरान तेज आवाज में DJ बज रहा था।

CCTV फुटेज में बच्ची कुछ देर तक सामान्य नजर आती है, लेकिन DJ के गुजरने के दौरान वह असहज होती दिखाई देती है। इसके बाद वह अपनी सीट पर ही बेहोश होकर गिर जाती है। शिक्षकों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, बच्ची की मौत की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

CCTV फुटेज में बच्ची अन्य छात्रों के साथ क्लासरूम में पढ़ती और हंसती हुई दिखाई दे रही है। इसी दौरान बाहर से तेज आवाज में DJ गुजरता है। बच्ची कुछ असहज होती है, सिर नीचे करती है और फिर उठती है। थोड़ी देर बाद वह अचानक बेहोश होकर गिर जाती है।

शिक्षकों ने तुरंत उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

परिवार ने उठाए सवाल, पुलिस जांच में जुटी

बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम है। पिता सोनू तिवारी बलरामपुर नगर में किराए के मकान में रहकर बेटी की पढ़ाई करा रहे थे। परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव गुलहरिया गंगापुर, जिला सिद्धार्थनगर में किया।

परिजनों की ओर से घटना को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने अभी तक मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

Also Read: यूपी में डराने वाला है सड़क हादसों का बढ़ता ग्राफ, 8 महीने में 33,824 दुर्घटनाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.