लखनऊ में स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद बाइक रैली, ब्रजेश पाठक ने 1090 चौराहे से दिखाई हरी झंडी

Lucknow News: 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर आधारित इस रैली को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 1090 चौराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली 1090 चौराहे से शुरू होकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक गई। इस दौरान आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और आयुष विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

लखनऊ में स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद बाइक रैली

आयुर्वेद हमारी प्राचीन जीवनशैली की आधारशिला: ब्रजेश पाठक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आयुर्वेद केवल इलाज का तरीका नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन और समृद्ध जीवन शैली का अटूट हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तुरंत आराम के लिए आधुनिक दवाओं पर निर्भर हो रहे हैं, लेकिन दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए भारतीय चिकित्सा पद्धति को अपनाना आवश्यक है। रसोई में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक मसाले भी आयुर्वेद का हिस्सा हैं। आज वैश्विक स्तर पर आयुर्वेद की स्वीकार्यता बढ़ी है और हमें इसे घर-घर तक पहुंचाकर स्वस्थ भारत का संकल्प पूरा करना होगा।

लखनऊ में स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद बाइक रैली

कोरोना काल के बाद बढ़ा आयुर्वेद का महत्व, शोध पर जोर: डॉ. दयाशंकर मिश्र

आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि 2014 के बाद से केंद्र सरकार के प्रयासों से पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को नई पहचान मिली है। विशेष रूप से कोरोना काल के बाद लोगों का रुझान आयुर्वेद की ओर तेजी से बढ़ा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश की 40 से अधिक प्रमुख संस्थाएं आयुर्वेद के वैज्ञानिक प्रमाणों और शोध पर काम कर रही हैं, जिससे इसे आधुनिक संदर्भों में और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस जागरूकता कार्यक्रम में आयुष विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य रूप से प्रमुख सचिव (आयुष) रंजन कुमार, महानिदेशक जीएस प्रियदर्शी, विशेष सचिव मदन सिंह और निदेशक डॉ. नारायण दास सहित विभाग के डॉक्टर और कर्मचारी रैली में शामिल हुए और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Also Read: Jay Meena: क्रिकेटर बनने का था सपना, सॉफ्ट टेनिस में जीता भारत का पहला एशियन गेम्स मेडल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.