Bareilly News: शिव गंगा मंदिर परिसर में अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर किया पौधारोपण

Bareilly News: बरेली जिले के अलीगंज रेंज स्थित ग्राम गैनी के प्रसिद्ध शिव गंगा मंदिर परिसर में मंगलवार को वन विभाग की ओर से एक विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में कई छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य मोरपाल और मंदिर के महंत बाबा राम दास ने ग्रामीणों व वन अधिकारियों के साथ मिलकर पौधे लगाए।

पौधों के संरक्षण का लिया गया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के महंत बाबा राम दास ने ग्रामीणों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन और प्रकृति के संतुलन का मूल आधार हैं, इसलिए हर व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य मोरपाल ने बताया कि ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली का दायरा बढ़ाना और जन-सामान्य को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।

इस पौधारोपण अभियान में वन विभाग के आला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर आंवला के क्षेत्रीय वन अधिकारी हनुमान प्रसाद, उपक्षेत्रीय वन अधिकारी अवनेश गंगवार, वन दरोगा रामशरण, वन दरोगा गौरव पाल सहित अमित राना, नितिन, अजय, प्रमोद, वीरेंद्र और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रोपे गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: निर्वाचन आयोग में आंतरिक मतभेद पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.