INDIA गठबंधन चुनाव आयोग के खिलाफ 2 अक्टूबर से करेगा देशव्यापी आंदोलन, 6 को EC तक मार्च
Sandesh Wahak Digital Desk: विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 2 अक्टूबर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बैठक में 20 प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। इस अभियान के तहत जिला स्तर पर प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग तक मार्च और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी जाएंगी।
बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वायत्त रूप से काम करने के बजाय सरकार की कठपुतली बन चुका है। इसके विरोध में 2 से 8 अक्टूबर तक देश भर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। 6 अक्टूबर को विपक्षी दलों के सभी सांसद चुनाव आयोग के मुख्यालय तक पैदल मार्च करेंगे। इसके साथ ही अक्टूबर और नवंबर के महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में 5 बड़ी महारैलियां आयोजित की जाएंगी, जिनकी तारीखें और स्थान जल्द घोषित किए जाएंगे।
संस्थाओं पर कब्जे का आरोप और राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी
विपक्षी गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निष्पक्षता से काम न करने और वोटों में गड़बड़ी को शह देने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी दल एकजुट हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है ताकि देश की संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति से उन्हें अवगत कराया जा सके।
Also Read: बदायूं में शादी से मुकरा सिपाही, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान युवती ने दी जान

