सपा के बागी विधायक राकेश प्रताप ने अखिलेश यादव पर बोला हमला, 14 अक्टूबर को थामेंगे BJP का दामन
Amethi News: समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आगामी 14 अक्टूबर को वे औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस फैसले की पुष्टि करने के साथ ही सपा नेतृत्व पर करारा हमला बोला और पार्टी छोड़ने के पीछे की वजहों को खुलकर सामने रखा।
जहाँ राम और सनातन का अपमान हो, वहाँ राजनीति मुमकिन नहीं
भाजपा में शामिल होने की वजह स्पष्ट करते हुए राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि जिस दल में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए जाएँ, रामचरितमानस की प्रतियां जलाई और फाड़ी जाएँ, वहाँ रहना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि जहाँ राष्ट्र और समाज के बजाय केवल परिवार और जाति को प्राथमिकता दी जाए, और सनातन धर्म की तुलना बीमारियों से की जाए, ऐसे माहौल में रहकर राजनीति नहीं की जा सकती।
सपा के PDA नारे पर कसा तंज
14 अक्टूबर को होने वाले इस बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में भाजपा के कई दिग्गज केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता शिरकत करेंगे। सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के पास न ‘P’ है, न ‘D’ है और न ‘A’। राज्यसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग पिछड़ा, अति-पिछड़ा, दलित, ब्राह्मण और क्षत्रिय को मौका दिया, जबकि सपा ने केवल अपने परिवार के सदस्यों और उद्योगपतियों को राज्यसभा भेजा, जिसमें कोई दलित या अल्पसंख्यक प्रतिनिधि शामिल नहीं था।
गौरीगंज सीट से भाजपा के टिकट पर आगामी चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने साफ किया कि यह फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड और केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, उसे जीत दिलाने के लिए वे अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार हैं।
Also Read: रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में जुटान, योगी बोले- यूपी में भी मिलेगा सम्मान

