लखनऊ में जमीन विवाद में आरामशीन संचालक पर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में जमीन के विवाद को लेकर आरामशीन संचालक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन मालिक और उसके बेटे के साथ हुए विवाद के दौरान दोनाली बंदूक से गोली चलाई गई, जो संचालक के कंधे को छूकर निकल गई। घटना में वह घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक मेडिकल जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है।
पांच साल के एग्रीमेंट वाली जमीन को लेकर हुआ विवाद
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के काजीखेड़ा गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू यादव (35) ने करीब चार साल पहले लखनऊ के बाबू बनारसीदास नगर निवासी राफे खान से अमानीगंज स्थित जमीन का पांच साल के लिए पंजीकृत एग्रीमेंट कराया था। इस जमीन पर राजू आरामशीन लगाकर लकड़ी चीरने का काम कर रहा था।
राजू के मुताबिक, जमीन मालिक पिछले करीब एक साल से उस पर जमीन खाली करने का दबाव बना रहा था। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे राफे खान अपने बेटे बिलाल खान के साथ आरामशीन पर पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि राजू के विरोध करने पर राफे खान के उकसाने पर उसके बेटे बिलाल खान ने दोनाली बंदूक से फायर कर दिया। गोली राजू के कंधे को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। फिलहाल सीएचसी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।
एग्रीमेंट बढ़ाने का था प्रावधान, मामला न्यायालय में विचाराधीन
राजू ने जमीन के पांच साल के लिए पंजीकृत एग्रीमेंट की बात कही है। उसके मुताबिक, समझौते में यह शर्त भी शामिल थी कि तय अवधि पूरी होने के बाद किराये में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी करके एग्रीमेंट आगे बढ़ाया जाएगा।
राजू का आरोप है कि पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले ही जमीन मालिक उस पर जगह खाली करने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद उसने पंजीकृत एग्रीमेंट के आधार पर न्यायालय में मुकदमा दायर किया। यह मामला अभी विचाराधीन है।
बंदूक बरामद, मेडिकल जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं
मलिहाबाद पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर इस्तेमाल की गई दोनाली बंदूक बरामद कर अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस ने आरोपी पक्ष के सदस्य को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि मेडिकल जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घायल के कंधे पर केवल कट का निशान मिला है। हालांकि, पीड़ित ने गोली चलने और घायल होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Also Read: लखनऊ में मिट्टी खनन के विवाद में खूनी संघर्ष, किसान पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप

