‘कुत्ता तक नहीं पूछेगा, औकात पता चल जाएगी’, JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का पलटवार
Anant Singh JDU Controversy: जनता दल यूनाइटेड (JDU) से छह साल के लिए निकाले जाने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्हें निष्कासन का कोई अफसोस नहीं है और चुनाव आने पर पार्टी को अपनी स्थिति का पता चल जाएगा।
अनंत सिंह ने कहा, “अब पार्टी को औकात पता चलेगा, कुत्ता नहीं पूछेगा।” उन्होंने पार्टी में कुछ नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब ‘केकड़ा-बिच्छू’ सब मालिक बन गए हैं।
न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी उन्हें निकालना चाहती है तो निकाल दे, वह दोबारा सदस्यता मांगने नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो किया, उसे सही मानते हैं और अपने रुख पर कायम हैं।
‘नीतीश कुमार के लिए सम्मान पहले जैसा रहेगा’
अनंत सिंह ने नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को लेकर कहा कि उनके प्रति सम्मान बना रहेगा। उन्होंने दावा किया कि अगर नीतीश कुमार पार्टी में पहले की तरह सक्रिय होते, तो उन्हें कोई निष्कासित नहीं कर पाता। उन्होंने मौजूदा पार्टी नेतृत्व और मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में उन्हें अपनी स्थिति का अंदाजा हो जाएगा।
पार्टी से निकाले जाने के पीछे किसका हाथ होने के सवाल पर अनंत सिंह (Anant Singh) ने कहा कि पार्टी का मालिक ही ऐसा फैसला लेगा। निशांत कुमार (Nishant Kumar) के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह उनके खिलाफ कुछ नहीं बोलेंगे और जो फैसला होगा, उसके लिए तैयार हैं।
अपनी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की सिफारिश पर भी अनंत सिंह ने बेफिक्र अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सदस्यता खत्म कर दी जाती है, तो भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। साथ ही दावा किया कि आने वाले चुनाव में JDU की सीटें घटकर 12 से भी कम रह जाएंगी।
जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन पर हुई कार्रवाई
बिहार JDU अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के बयान के मुताबिक, अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई। पार्टी ने निर्देशों की अवहेलना, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा और विधान परिषद चुनाव में दूसरे दल के उम्मीदवार का प्रचार करने को कार्रवाई की वजह बताया।
Anant Singh ने विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी (Jan Suraaj Party) के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था और JDU उम्मीदवार नीरज कुमार को हराने की बात कही थी। इसी मामले को पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया।
JDU ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की है। उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी (Neelam Devi) को भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर उनकी प्राथमिक सदस्यता खत्म कर दी गई है।
Also Read: आजमगढ़ की वोटर लिस्ट में 13 बार दर्ज मिला ‘विकास यादव’ का नाम, 5 BLO समेत 9 पर कार्रवाई

