आजमगढ़ की वोटर लिस्ट में 13 बार दर्ज मिला ‘विकास यादव’ का नाम, 5 BLO समेत 9 पर कार्रवाई

Azamgarh Voter List Irregularities: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के आरोपों के बाद निर्वाचन विभाग की जांच में अनियमितताएं सामने आई हैं। विधानसभा क्षेत्र संख्या 347 की वोटर लिस्ट में ‘विकास यादव’ नाम 13 बार दर्ज मिला। मामले में छह कर्मचारियों को मतदाता सूची से जुड़े काम से हटाने और तीन निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच में 13 बार मिला एक ही नाम

समाजवादी पार्टी ने 15 अक्टूबर 2026 को प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया था कि Azamgarh की विधानसभा क्षेत्र संख्या 347 की मतदाता सूची में विकास यादव नाम 10 बार दर्ज है। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सूची में हिंदी में ‘विकास यादव’ नाम कुल 13 बार दर्ज मिला। इनमें से दो प्रविष्टियां पहले ही नियमानुसार हटाई जा चुकी थीं। बाकी 11 प्रविष्टियां आजमगढ़ के अलग-अलग गांवों में रहने वाले 11 व्यक्तियों की पाई गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि वास्तविक विकास यादव को छोड़कर अन्य 10 लोगों के नाम और दूसरे विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरवाया गया है। समान नाम और पिता का नाम रखने वाला एक मतदाता गोरखपुर के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र का निवासी मिला। उसकी प्रविष्टि आजमगढ़ की अन्य प्रविष्टियों से अलग पाई गई।

छह कर्मचारियों को हटाने के निर्देश

मामले में मतदाता पंजीकरण केंद्र के एक कंप्यूटर सहायक और पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदाता सूची से जुड़े काम से तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इन छह कर्मचारियों को सेवा से हटाने के संबंध में नोटिस जारी करने को भी कहा गया है। उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत कार्रवाई से पहले नोटिस दिया जाएगा।

इसके अलावा, तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही और निगरानी में शिथिलता के आरोप में विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इन अधिकारियों को लेकर भी आरोप पत्र जारी करने और कानूनी कार्रवाई से पहले नोटिस देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आजमगढ़ की सभी विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों (Azamgarh Voter List) में इसी तरह की गड़बड़ियों की जांच करने और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

Also Read: CEC के खिलाफ का ‘जन महाभियोग’ लाएगा विपक्ष, 30 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट की तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.