झांसी के होटल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार स्थित एक होटल में 27 वर्षीय नवविवाहिता मुस्कान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। मुस्कान के पिता ने अपने दामाद नीलेश पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नीलेश बहाने से मुस्कान को होटल ले गया और उसका सिर दीवार पर मार दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।

परीक्षा के लिए घर आई थी मुस्कान, पति होटल ले गया

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले रामजीलाल सिमौलिया की बेटी मुस्कान की शादी 29 जून को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश से हुई थी। 28 अक्टूबर को मुस्कान की जूनियर इंजीनियर की परीक्षा थी। इसी वजह से वह अपने घर आई हुई थी।

मुस्कान के पिता के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात नीलेश अचानक घर पहुंचा। उसने मुस्कान को उसकी मौसी के यहां गणेश विहार कॉलोनी ले जाने की बात कही। इसके बाद वह 24 अक्टूबर की सुबह मुस्कान को अपने साथ ले गया।

25 अक्टूबर को नीलेश ने रामजीलाल को फोन कर ऋषभ होटल आने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि होटल का बिल 23 और 24 अक्टूबर का था। पिता का आरोप है कि नीलेश उन्हें काफी देर तक कभी मेडिकल कॉलेज, कभी कपूर नर्सिंग होम और कभी जिला अस्पताल बुलाता रहा।

जब रामजीलाल जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां मुस्कान का शव रखा था। पिता के अनुसार, नीलेश ने बताया कि मुस्कान गिर गई थी। इसके बाद रामजीलाल ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने बेटी का सिर दीवार पर मारकर उसकी हत्या की है।

पति के दूसरी महिलाओं से संबंध होने का भी आरोप

मुस्कान के पिता ने नीलेश पर दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि नीलेश ने मुस्कान से शादी करने से पहले इंदौर में भी एक शादी की थी। रामजीलाल के मुताबिक, इस बारे में उन्हें शादी के बाद जानकारी हुई थी।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में पति-पत्नी होटल के कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में मुस्कान गिरती हुई भी नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि मृतका के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी में चार सेकेंड के भीतर गिरती दिखी महिला

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें मुस्कान अपने पति और होटल के एक कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाती दिख रही है। कर्मचारी और पति कमरे के अंदर चले जाते हैं, जबकि मुस्कान पीछे से दरवाजे तक पहुंचती है। इसके बाद करीब चार सेकेंड के भीतर वह खड़े-खड़े नीचे गिर जाती है।

दंपति होटल के कमरा नंबर 212 में ठहरे थे। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। वहीं, पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

Also Read: ‘छोटे मियां और बड़े मियां दोनों को घुसपैठियों से प्यार है, CM योगी ने अखिलेश-राहुल पर साधा निशाना 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.