कांग्रेस के ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर अखिलेश का वार, नकली बताकर बोले- BJP के पेट में दर्द

Akhilesh Yadav on Congress 200 Seats Poster: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों को लेकर सियासत तेज हो गई है। अमेठी, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में ऐसे पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है, ‘200 सीटें, हक है हमारा।’ इन पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें भी लगी हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पोस्टर किसने लगवाए हैं।

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इन पोस्टरों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘गठबंधन’ से भाजपा के पेट में हुआ दर्द, ‘नकली पोस्टर’ लगा रही, इतना गई डर। उनके इस बयान के बाद पोस्टरों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

अखिलेश ने नगर निगम के अधिकारियों पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने को लेकर नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना शुल्क जमा किए पोस्टर लगाए जा रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

सपा अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने इसके पीछे भ्रष्टाचार या शासन के दबाव की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में PDA सरकार बनने पर ऐसे मामलों का हिसाब लिया जाएगा। साथ ही, भ्रष्टाचार की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) जैसी एजेंसियों को सक्रिय करने की बात कही।

कांग्रेस ने पोस्टरों से बनाई दूरी

कांग्रेस प्रवक्ता और मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने स्पष्ट किया कि ये पोस्टर (Congress 200 Seats Poster) कांग्रेस पार्टी के अधिकृत बैनर नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसे कार्यकर्ता जरूर हैं, जो चाहते हैं कि कांग्रेस इस बार पूरी ताकत से चुनाव लड़े।

प्रियंका गुप्ता के मुताबिक, कांग्रेस सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। पार्टी जहां भी चुनाव लड़ेगी, उसकी लड़ाई बीजेपी और उसकी नीतियों के खिलाफ होगी।

फिलहाल, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर कोई औपचारिक सहमति सामने नहीं आई है। ऐसे में 200 सीटों वाले पोस्टरों (Congress 200 Seats Poster) ने चुनाव से पहले दोनों दलों के संभावित गठबंधन और सीटों की दावेदारी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

Also Read: पीएम पर मल्लिकार्जुन का विवादित बयान, भाषण के दौरान शख्स के टोकने पर बोले- मोदी का बाप भी जाएगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.