Siddharthanagar News: चोरी के मामलों पर बड़ा एक्शन, पांच मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार, नेपाली करेंसी भी बरामद
Siddharthanagar News: सिद्धार्थनगर जिले में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 4,015 रुपये भारतीय मुद्रा और 100 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम गौरी पोखरभिटवा तिराहे पर पुलिया के पास कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित उर्फ महाकाल निवासी बेलहिया चौराहा, कांशीराम आवास, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
ट्रेन और सरकारी स्कूल में चोरी का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में 24 और 25 अक्टूबर की रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गोमती छपरा ट्रेन में मोबाइल चोरी की घटना का जिक्र सामने आया।
इस मामले में जीआरपी थाना गोरखपुर में मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा, करीब 15 से 20 दिन पहले शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के कोटिया स्थित एक सरकारी विद्यालय का ताला तोड़कर टैबलेट, टीवी, हार्ड डिस्क, खाद्य सामग्री, गेहूं और चावल चोरी किए जाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, चोरी का सामान नेपाल में 22 हजार रुपये में बेचा गया था। बरामद नकदी को उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा बताया गया है। इस मामले में शोहरतगढ़ थाने में भी मुकदमा दर्ज है।
आरोपी पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, सुमित उर्फ महाकाल के खिलाफ मारपीट, धमकी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
बाल अपचारी के खिलाफ भी पहले एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कपिलवस्तु थाने में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम में शामिल पुलिसकर्मी: थानाध्यक्ष कपिलवस्तु विनय प्रताप सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी ओम प्रकाश मिश्र, सर्विलांस सेल प्रभारी शशिकांत और तीनों इकाइयों के अन्य पुलिसकर्मी।
रिपोर्ट- ज़ाकिर खान
Also Read: Bareilly News: अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा, तमंचा और दो कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

