Lucknow News: भतीजे की हत्या के मामले में वांछित चाचा गिरफ्तार
Lucknow News: कमिश्नरेट लखनऊ के थाना महिगवां पुलिस ने जमीन के विवाद में अपने ही भतीजे की हत्या करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को उसके घर से ही धर दबोचा। हत्या में प्रयुक्त हथियार (तबली) भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 20 अक्टूबर को गरिमा मिश्रा (पत्नी स्वर्गीय दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम, निवासी प्रीतीनगर डुडौली, थाना मड़ियांव, लखनऊ) ने थाना महिगवां में एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि 19 अक्टूबर को ग्राम शुक्लनपुरवा में उसके पति दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम के सगे चाचा अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन ने जमीन बेचने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान गाली-गलौज की और धारदार हथियार (तबली) से उनके सिर पर घातक हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोट लगने के कारण दिव्यांशु मिश्रा की मृत्यु हो गई थी।
शिकायत के आधार पर थाना महिगवां में मु.अ.सं. 167/2026, धारा 103(1)/352 BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नामजद अभियुक्त अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर ग्राम शुक्लनपुरवा वापस आया हुआ है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना महिगवां पुलिस टीम ने रिववार को सुबह करीब 10:15 बजे आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 19 तारीख को उसका भतीजा दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम उसके घर आया था। जमीन बेचने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर अभियुक्त ने घर के अंदर रखी कुल्हाड़ी/तबली से अपने भतीजे दिव्यांशु मिश्रा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट- राजा शेख
Also Read: Bareilly News: जिलाधिकारी ने पीईटी परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण

