यूपी MLC चुनाव में बड़ी कार्रवाई, आगरा के 6 अधिकारी निलंबित करने के निर्देश
UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के दौरान लापरवाही के मामले में भारत निर्वाचन आयोग ने सख्त कदम उठाया है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 21 और 26 पर तैनात छह अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दोनों केंद्रों पर तैनात पांच अन्य मतदान अधिकारियों और 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के सचिव सुमन कुमार दास की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में ये निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने आगरा मंडल के आयुक्त और रिटर्निंग ऑफिसर की 25 अक्टूबर को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।
मतदान केंद्रों पर निगरानी में चूक, आयोग ने जताई नाराजगी
निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर चिंता जताई है। आयोग के मुताबिक, जिम्मेदार अधिकारी दोनों मतदान केंद्रों पर प्रभावी निगरानी और नियंत्रण सुनिश्चित करने में विफल रहे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए छह अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन 6 अधिकारियों के निलंबन के निर्देश
आयोग के आदेश के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 21 पर तैनात तीन अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इनमें सेक्टर मजिस्ट्रेट और जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ओपी चक, क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी हरिशरण सिंह और एत्माद्दौला थाने के सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार शामिल हैं।
वहीं, मतदान केंद्र संख्या 26 पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी विशाल राठौर, फतेहाबाद के अतिरिक्त निरीक्षक पुरषोत्तम पाल और एकता थाने के सब-इंस्पेक्टर सुमित त्यागी के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
21 अन्य कर्मचारियों पर भी होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने निलंबन के दायरे में आए अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। आरोपपत्र जारी होने के 10 दिन के भीतर उसका मसौदा जांच के लिए आयोग को भेजना होगा।
इसके अलावा मंडलायुक्त की रिपोर्ट के आधार पर मतदान केंद्र संख्या 21 और 26 पर तैनात दो पीठासीन अधिकारियों, तीन मतदान अधिकारियों और 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दायरे में शामिल 16 पुलिसकर्मियों में पांच हेड कांस्टेबल और 11 कांस्टेबल हैं। इस तरह दोनों मतदान केंद्रों पर हुई लापरवाही के मामले में निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।

