हमीरपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से मां-बेटे समेत 3 की मौत, मुंडन कराकर लौट रहे थे तीनों

Hamirpur Accident News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों बाइक से बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा मुस्करा थाना क्षेत्र के गहरौली गांव के पास हुआ। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन महोबा जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुंडन संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

मौदहा कोतवाली क्षेत्र के पाटनपुर गांव निवासी कपिल प्रजापति (18), उनकी मां विमला प्रजापति (45) और मौसी कमला प्रजापति (40) बाइक पर सवार थे। तीनों शरद पूर्णिमा के दिन रिश्तेदार के आठ महीने के बच्चे का मुंडन संस्कार कराने रिवई गांव स्थित छुटई बाबा स्थान गए थे।

परिजनों के मुताबिक, कमला के भाई वरदानी ने बच्चे के लिए मनौती मांगी थी। दस साल बाद मनौती पूरी होने पर परिवार मुंडन संस्कार कराने पहुंचा था। कार्यक्रम के बाद कपिल अपनी मां और मौसी को लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गहरौली गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कल्टीवेटर लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे (Hamirpur Accident News) में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से पहले खरेला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर महोबा जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पाटनपुर गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश

मुस्करा थाना प्रभारी रामआसरे सरोज ने बताया कि कंधी प्रजापति की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में तीन लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और घायलों को समुचित इलाज देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

Also Read: बेटी ने प्रेमी संग की पिता की हत्या, सिलबट्टे से कुचला सिर, फ्रिज में नहीं समाया शव तो बक्से में छिपाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.