एआई पर बढ़ते खर्च पर माइक्रोसॉफ्ट का बड़ा फैसला, भारत समेत 4 देशों के 60 हजार कर्मचारियों को मिला स्वैच्छिक निकास का ऑफर

Sandesh Wahak Digital Desk: वैश्विक टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में अपने कर्मचारियों के लिए एक सीमित अवधि के स्वैच्छिक निकास कार्यक्रम की घोषणा की है। यह योजना लगभग 60,000 कर्मचारियों तक पहुँच सकती है, जो कंपनी के कुल 2.23 लाख वर्कफोर्स का करीब 27 प्रतिशत हिस्सा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) डेटा सेंटरों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे भारी-भरकम पूंजीगत खर्च के बीच कंपनी अपने वेतन ढांचे और परिचालन लागत में संतुलन बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठा रही है।

किन्हें मिलेगा योजना का लाभ

कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन के अनुसार, यह ऑफर कनाडा, भारत, यूके और अमेरिका में लेवल-70 या उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है। स्वैच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प चुनने वाले कर्मचारियों को वित्तीय सहायता और करियर परामर्श की सुविधा दी जाएगी। पात्र कर्मचारियों को दिसंबर तक इस प्रस्ताव पर अपना फैसला लेना होगा, और इसे स्वीकार करने वालों की कंपनी से अंतिम विदाई 31 दिसंबर को होगी।

किन टीमों को रखा गया है शामिल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऑफर कोपायलट, कोर-एआई, विंडोज एंड डिवाइसेज, एक्सबॉक्स, फाइनेंस और एचआर जैसी टीमों पर लागू होगा। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मार्केटिंग, कमर्शियल बिजनेस, क्वांटम और सिक्योरिटी विभागों को इस कार्यक्रम से पूरी तरह बाहर रखा गया है। यह निर्णय ऐसे समय आया है जब कंपनी लगातार अपने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रही है। इससे पहले भी जुलाई में कंपनी ने अपने एक्सबॉक्स और सेल्स डिवीजन से करीब 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी।

Also Read: कटरा बाजार से चुनाव लड़ने के सवाल पर सुनील सिंह का बड़ा बयान, बोले- पार्टी और गुरु का आदेश सर्वोपरि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.