IPL 2027: CSK में एल्बी मोर्कल और मोहित शर्मा की वापसी, जहीर खान की नई कोचिंग टीम में मिली जगह

Sports News: आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपनी कोचिंग टीम में बदलाव किए हैं।

टीम के नए मुख्य कोच जहीर खान के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर एल्बी मोर्कल और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी दी गई है।

दोनों खिलाड़ी पहले भी चेन्नई की टीम का हिस्सा रह चुके हैं और अब कोचिंग की भूमिका में टीम के साथ जुड़ेंगे।

एल्बी मोर्कल आईपीएल के शुरुआती दौर में चेन्नई सुपर किंग्स के अहम खिलाड़ियों में शामिल थे। वह 2008 से 2013 तक टीम के लिए खेले।

इस दौरान उन्होंने 78 मैचों में 827 रन बनाए और 76 विकेट हासिल किए। मोर्कल 2010 और 2011 में आईपीएल खिताब जीतने वाली चेन्नई की टीम का भी हिस्सा थे।

जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के साथ SA20 में कोचिंग का अनुभव हासिल करने के बाद अब मोर्कल आईपीएल में चेन्नई के कोचिंग स्टाफ से जुड़ेंगे।

वहीं, मोहित शर्मा ने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। 2014 में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पर्पल कैप अपने नाम की थी।

CSK

मोहित ने चेन्नई के लिए 48 मैचों में 58 विकेट लिए। दिसंबर 2025 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह कोचिंग की भूमिका में नजर आएंगे।

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद CSK के कोचिंग स्टाफ में बदलाव

चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग स्टाफ में यह बदलाव स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद हुआ है। फ्लेमिंग लंबे समय तक टीम के मुख्य कोच रहे थे। उनके कार्यकाल में चेन्नई ने कई आईपीएल खिताब जीते।

फ्लेमिंग के इंग्लैंड की टेस्ट टीम का मुख्य कोच बनने के बाद चेन्नई ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की।

इसके बाद जहीर खान को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई और उन्हें अपनी पसंद के कोचिंग स्टाफ के चयन की छूट मिली।

बैटिंग कोच माइक हसी और बॉलिंग कोच एरिफ सिमंस के जाने के बाद टीम ने नए चेहरों को शामिल किया है। हालांकि, फील्डिंग कोच जेम्स फॉस्टर और श्रीधरन श्रीराम अपने पद पर बने रहेंगे।

एल्बी मोर्कल और मोहित शर्मा की नियुक्ति से चेन्नई को अपने पुराने खिलाड़ियों का अनुभव कोचिंग में इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

अब आईपीएल 2027 में यह देखना दिलचस्प होगा कि जहीर खान के नेतृत्व में नई कोचिंग टीम खिलाड़ियों की तैयारी और मैदान पर प्रदर्शन को किस तरह बेहतर बनाती है।

Also Read: Ayush Badoni: आयुष बडोनी बने दोहरे शतक की मशीन, विराट कोहली-गौतम गंभीर की बराबरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.