यूपी में छात्रों के खून बेचकर पढ़ाई करने की रिपोर्ट पर कांग्रेस का हमला, सरकार से मांगा जवाब

Rajendra Pal Gautam: उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी छात्रों की आर्थिक परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने जौनपुर के मड़ियाहूं में ‘छात्रों के हक की बात, युवाओं के साथ’ कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज में पढ़ाई का खर्च जुटाने के लिए प्रतियोगी छात्रों के खून बेचने की मीडिया रिपोर्ट का मुद्दा उठाया।

गौतम ने कहा कि यह रिपोर्ट गरीब छात्रों की आर्थिक मुश्किलों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल सामने लाती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का बजट 8.08 लाख करोड़ रुपये है, इसके बावजूद छात्रों को कोचिंग, किराया और भोजन का खर्च उठाने में परेशानी होना चिंताजनक है।

शिक्षा बजट और छात्रवृत्ति के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

राजेन्द्र पाल गौतम ने शिक्षा पर होने वाले खर्च को लेकर भी सरकार से सवाल किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में शिक्षा के लिए बजट का 13.8 प्रतिशत हिस्सा प्रस्तावित था, जबकि राज्यों का तुलनात्मक औसत 15 प्रतिशत था।

कांग्रेस नेता ने सरकार से छात्रवृत्ति वितरण, लंबित भुगतान, खाली पदों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना है कि इन आंकड़ों से शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

प्रतियोगी छात्रों के लिए राहत पैकेज और सस्ते हॉस्टल की मांग

गौतम ने प्रयागराज के जरूरतमंद प्रतियोगी छात्रों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों को सस्ते छात्रावास, कम कीमत पर भोजन और मुफ्त पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को चिकित्सा व आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी।

Also Read; राहुल गांधी की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली पर सख्त शर्तें, शाम 5 बजे तक खत्म करना होगा कार्यक्रम 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.