Kanpur News: फर्जी ईमेल आईडी बनाकर पाकिस्तान-बांग्लादेश को बेचने वाला अंकित शंखवार चढ़ा एसटीएफ के हत्थे

Kanpur News: उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने कानपुर नगर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी और अज्ञात ईमेल आईडी तैयार करने वाले 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी ईमेल आईडी का नेटवर्क चलाने और उन्हें पाकिस्तान, बांग्लादेश सहित अन्य देशों के लोगों को बेचने का गंभीर आरोप है। लखनऊ के ATS थाने में मामला दर्ज कर पुलिस और एटीएस की टीमें उसके अन्य साथियों व पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई हैं।

क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेता था भुगतान

जांच के दौरान सामने आया कि अंकित शंखवार वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क की मदद से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फर्जी ईमेल आईडी बनाता था। आरोपी फेसबुक के ‘Buy & Sell’ ग्रुप्स के माध्यम से विदेशी नागरिकों से संपर्क साधता था और उन्हें ये फर्जी आईडी बेचता था। इन अवैध गतिविधियों के एवज में वह क्रिप्टोकरेंसी (विशेष तौर पर USDT) के जरिए पेमेंट लेता था। एटीएस की शुरुआती जांच में पता चला है कि उसने ईमेल आईडी बेचने के बदले करीब 6,000 USDT का भुगतान प्राप्त किया था।

बम की झूठी धमकियों और हाई-प्रोफाइल मामलों में हुआ था इस्तेमाल

एटीएस के अनुसार, आरोपी द्वारा बेची गई और तैयार की गई कुछ ईमेल आईडी का इस्तेमाल देश के कई संवेदनशील ठिकानों पर बम की झूठी धमकियां भेजने के लिए किया गया था। इनमें दिल्ली-NCR (नोएडा, गुरुग्राम, दिल्ली) के कई प्रमुख स्कूल, मुंबई मेयर का कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा, जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इन फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल मशहूर गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के शो और एक जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए भी किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी के पास से बरामद लैपटॉप और मोबाइल से लगभग 5 लाख फर्जी ईमेल आईडी, विभिन्न एक्सेल फाइलें और क्रिप्टो वॉलेट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज व जानकारियां हाथ लगी हैं। एटीएस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस सिंडिकेट के तार देश और दुनिया में कहां-कहां फैले हुए हैं।

Also Read: Amethi News: मेले में खस्ता खाने से 102 लोग बीमार, 17 की हालत गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.