अमेठी के मेले में खस्ता खाने से 102 लोग बीमार, 39 बच्चे भी शामिल, 17 मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर
Amethi Food Poisoning Incident: उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक मेले के दौरान खस्ता खाने के बाद 102 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में 39 बच्चे भी शामिल हैं। लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और 17 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
खस्ता खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, कोटवा ग्राम सभा में आयोजित मेले में खस्ता खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते 102 लोग बीमार हो गए। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह के निर्देश पर मेडिकल टीम गांव पहुंची। सीएमओ ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर मरीजों की जांच की और जरूरी दवाएं दीं।
17 मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कुछ मरीजों को लगातार उल्टी होने और दवा न पचा पाने की वजह से बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। कुल 17 मरीजों को तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें बच्चे और वयस्क दोनों शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला भोजन से जुड़ी समस्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मरीजों की स्थिति स्थिर बताई गई है। गांव में मेडिकल टीमें तैनात हैं, जो लगातार लोगों की जांच कर रही हैं और हालात पर नजर रख रही हैं।
Also Read: गाजीपुर में 30 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, मां-बेटे की मौत, 3 की हालत गंभीर

