हसीन जहां के चुनाव लड़ने के ऐलान पर मोहम्मद शमी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- जिसे लड़ना है, लड़े

Mohammed Shami: क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने पत्नी हसीन जहां के उनके खिलाफ चुनाव लड़ने के ऐलान पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। शमी ने कहा कि जिसे जहां से चुनाव लड़ना है, वह लड़ सकता है। उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, ‘ये खुला मैदान है।’ हालांकि, शमी ने खुद या परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने को लेकर अब भी कोई साफ बात नहीं कही है।

दरअसल, शमी की राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चा शुरू हुई थी। सितंबर में हुई इस मुलाकात की तस्वीरें खुद जयंत सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि शमी आगामी विधानसभा चुनाव में अमरोहा सीट से मैदान में उतर सकते हैं।

जयंत सिंह से मुलाकात के बाद शुरू हुई थी चुनाव लड़ने की चर्चा

शमी की मुलाकात के बाद उनकी पत्नी हसीन जहां ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर शमी या उनके परिवार का कोई भी सदस्य किसी सीट से चुनाव लड़ेगा, तो वह भी उसके खिलाफ मैदान में उतरेंगी। हसीन जहां ने यह भी कहा था कि उनका मकसद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य की हार सुनिश्चित करना है।

इसके बाद शमी के बड़े भाई हसीब अहमद ने सफाई दी थी। उन्होंने जयंत सिंह और शमी की मुलाकात को पारिवारिक बताया था। साथ ही कहा था कि फिलहाल शमी या परिवार के किसी दूसरे सदस्य के चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है। इस पूरे मामले पर शमी ने तब तक चुप्पी बनाए रखी थी।

अब उत्तराखंड के रुड़की में खानपुर विधायक उमेश कुमार के साथ मीडिया से बातचीत का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हसीन जहां के चुनाव लड़ने के ऐलान पर शमी ने कहा कि जिसे चुनाव लड़ना है, वह लड़े। उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। हालांकि, उन्होंने अपनी सियासी पारी को लेकर कोई घोषणा नहीं की।

शमी के बाद भाई हसीब ने भी जयंत सिंह से की मुलाकात

अमरोहा विधानसभा सीट से शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की चर्चा गुरुवार को एक बार फिर तेज हो गई। शमी के बाद उनके भाई हसीब अहमद ने भी दिल्ली में रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात की।

इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इसके बाद चुनाव लड़ने की अटकलों को फिर हवा मिली। हालांकि, हसीब अहमद ने इस मुलाकात को पारिवारिक बताया। उन्होंने फिलहाल चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी इनकार नहीं किया।

हसीन जहां बोलीं- हिम्मत है तो अमरोहा से मेरे सामने लड़कर दिखाएं

शमी के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच हसीन जहां ने एक बार फिर उन्हें खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा, ‘शमी या उसके किसी भी परिजन की मेरे सामने चुनाव लड़ने की हैसियत ही नहीं है। मेरे ऐलान के बाद ही चुनाव लड़ने और विधायक बनने की अपनी हसरत को वह खुलकर जाहिर नहीं कर पा रहे हैं।’

हसीन जहां ने आगे कहा, ‘हिम्मत है तो अमरोहा से ही मेरे सामने चुनाव लड़कर दिखाएं। यहां के लोग उनकी असलियत अच्छे से जानते हैं। चंद दिन की झूठी दौलत और शोहरत से चुनाव नहीं जीता जा सकता।’ उन्होंने यह भी कहा कि वह हर हाल में उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगी और उनकी जमानत भी जब्त होगी।

फिलहाल मोहम्मद शमी ने चुनाव लड़ने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। जयंत सिंह से उनकी और उनके भाई की मुलाकातों के बाद राजनीतिक चर्चाएं जरूर तेज हैं, लेकिन शमी की ओर से इस बारे में कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.