IND vs NZ ODI Series 2026: भारत-न्यूजीलैंड के बीच कल से वनडे की जंग, दिखेगी ‘ROKO’ की जोड़ी, देखें पूरा शेड्यूल और स्क्वॉड
IND vs NZ ODI Series 2026: टी20 सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उतरने के लिए तैयार है।
दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी। इस सीरीज में क्रिकेट प्रशंसकों को रोहित शर्मा और विराट कोहली यानी ‘ROKO’ की जोड़ी का खेल देखने को मिलेगा।
भारतीय टीम के लिए यह सीरीज 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा, जबकि आखिरी वनडे 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में होगा।
भारत की कोशिश न्यूजीलैंड में तीसरी बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने की होगी।
भारतीय टीम ने अपनी पिछली वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को घरेलू मैदान पर 2-1 से हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड ने जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।
अब दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ वनडे मुकाबलों में अपनी ताकत दिखाएंगी।
भारतीय टीम की कप्तानी में होगा बदलाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी दो खिलाड़ियों के हाथों में होगी। शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की अगुवाई करेंगे, जबकि आखिरी दो वनडे में श्रेयस अय्यर कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज से आराम दिया गया है। वहीं, चोटिल प्रसिद्ध कृष्णा की जगह शुरुआती तीन वनडे के लिए औकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड की टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर करेंगे। टीम में फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सीफर्ट की वापसी हुई है।
हालांकि, पहले घोषित टीम में शामिल रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।

न्यूजीलैंड ने शुरुआती तीन और आखिरी दो वनडे के लिए अलग-अलग टीमों का ऐलान किया है।
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
सीरीज के सभी पांच मुकाबले डे-नाइट होंगे। भारतीय समयानुसार सभी मैच सुबह 7:30 बजे शुरू होंगे।
| मैच | तारीख | वेन्यू | भारतीय समय |
|---|---|---|---|
| पहला वनडे | 4 नवंबर | ईडन पार्क, ऑकलैंड | सुबह 7:30 बजे |
| दूसरा वनडे | 7 नवंबर | वेलिंगटन | सुबह 7:30 बजे |
| तीसरा वनडे | 10 नवंबर | हैमिल्टन | सुबह 7:30 बजे |
| चौथा वनडे | 13 नवंबर | माउंट माउंगानुई | सुबह 7:30 बजे |
| पांचवां वनडे | 15 नवंबर | माउंट माउंगानुई | सुबह 7:30 बजे |
पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर और हेनरी निकोल्स।
आखिरी दो वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट।
पहले तीन वनडे के लिए भारत की अपडेटेड टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहला वनडे)।
चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारत की अपडेटेड टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।
अब सभी की नजरें 4 नवंबर से शुरू होने वाली इस वनडे सीरीज पर रहेंगी। भारतीय टीम जहां वर्ल्ड कप की तैयारियों को मजबूत करना चाहेगी।
वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली की बल्लेबाजी पर भी प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

