अखिलेश यादव ने नोएडा हिंसा के लिए सीएम योगी को ठहराया जिम्मेदार

Lucknow News: नोएडा में मजदूरों के चल रहे हिंसक प्रदर्शन पर योगी सरकार विपक्षी दलों के नेताओं के निशाने पर आ गई है। हिंसा के पीछे उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने नोएडा में चल रहे मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।

अखिलेश यादव ने नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए उपद्रव पर कहा कि यह पूरी तरह से सरकार की नाकामी है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर अधिकारी इसे साजिश कह रहे हैं, तो इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। सरकार को सब पता था, फिर भी ऐसी घटना होने दी गई। सीएम योगी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान से चलने वाले कभी किसी के साथ अन्याय नहीं करते और उन्हें संविधान से कोई लेना-देना नहीं है।

संविधान केवल कागज नहीं है

अंबेडकर जयंती पर संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए सपा अध्यक्ष ने इसे दलितों, पिछड़ों और शोषितों के लिए एक ढाल और संजीवनी बताया। उन्होंने कहा कि संविधान महज कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक लोहे की तलवार है जो हक दिलाने का काम करती है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन लोगों को जवाब दे दिया है जो 400 सीटें जीतकर संविधान बदलने का दावा कर रहे थे।

Also Read: Lucknow News: आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग में दो युवक घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.