Lucknow News: आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग में दो युवक घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान गोलीबारी में दो युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
चेयरमैन प्रतिनिधि पर गोली चलाने का आरोप
नगर पंचायत बंथरा के शिवपुरा (अंबेडकर नगर) में हुई इस घटना में घायल करन गौतम (पुत्र मनोज) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का दावा है कि वर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत और विकास पासी ने विवाद के दौरान फायरिंग की। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि गोली चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा ही चलाई गई थी, जिसके छर्रे मौके पर पड़े मिले हैं।
पुलिस और ग्रामीणों के दावों में विरोधाभास
एक ओर जहां ग्रामीण और घायल युवक सीधे तौर पर गोलीबारी की बात कह रहे हैं, वहीं पुलिस का पक्ष कुछ अलग है। घायल करन गौतम और एक अन्य युवक गोली लगने/छर्रे लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची बंथरा पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों को चोटें पथराव के कारण आई हैं। हालांकि, पुलिस ने यह भी स्वीकार किया है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए शिवपुरा गाँव में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियाँ जोड़ रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है।
Also Read: पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान के रिहायशी इलाकों पर बरसाए बम, बच्चे समेत 12 नागरिकों की मौत

