अमेठी में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों पर नहीं मिली यूज बाई डेट

Amethi News: दीपावली के त्योहार से पहले अमेठी में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने जायस, बहादुरपुर चौराहा और आरजीआईपीटी के सामने लगे स्ट्रीट फूड स्टॉल और ठेलों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य तेल समेत कई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची गई।

जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। टीम का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय सतीश कुमार शुक्ला ने किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और लोगों को अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बेचने के निर्देश दिए।

प्रकाश स्वीट्स में मिठाइयों पर नहीं मिली उपयोग की अंतिम तिथि

स्ट्रीट फूड स्टॉल की जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रकाश स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां मिठाइयों पर उनके इस्तेमाल की अंतिम तारीख यानी ‘यूज बाई डेट’ लिखी हुई नहीं मिली। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कुछ अन्य कमियां भी सामने आईं। इस पर विभाग ने संचालक को सुधार नोटिस जारी किया। नोटिस के जरिए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

अमेठी में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों पर नहीं मिली यूज बाई डेट

दीपावली तक जारी रहेगा जांच अभियान

सहायक आयुक्त सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी और गंदगी के बीच तैयार या बेचे जाने वाले खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि त्योहार तक यह अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके चौहान और पूजा गुप्ता भी शामिल रहीं।

Also Read: अमेठी में 10 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल 

 

जिला ब्यूरो – रवि प्रकाश द्विवेदी (रिंकू)

Get real time updates directly on you device, subscribe now.