IPL की व्यस्तता के बीच विराट कोहली-अनुष्का शर्मा वृंदावन पहुंचे, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सोमवार को आध्यात्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे।

दोनों ने वराह घाट स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया और आम श्रद्धालुओं के साथ बैठकर उनका प्रवचन सुना।

वृंदावन यात्रा के दौरान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें दोनों शांत भाव से प्रवचन सुनते नजर आ रहे हैं।

इस दौरान विराट कोहली गले में तुलसी की माला पहने दिखे, जबकि अनुष्का शर्मा सादे सफेद परिधान में नजर आईं। दोनों की सादगी और आध्यात्मिक जुड़ाव की सोशल मीडिया पर व्यापक सराहना हो रही है।

बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज से विराट और अनुष्का की यह पांचवीं मुलाकात है।

पिछले पांच महीनों में यह कपल तीसरी बार इस आश्रम में दर्शन के लिए पहुंचा है। इससे पहले भी 20 फरवरी को दोनों वृंदावन आकर महाराज जी का आशीर्वाद ले चुके हैं।

हाल ही में सोशल मीडिया से जुड़े एक विवाद के चलते चर्चा में रहे विराट कोहली के लिए यह यात्रा पूरी तरह आध्यात्मिक रही।

अक्षय तृतीया के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर दोनों ने भक्ति भाव के साथ प्रवचन सुना और कुछ समय आश्रम में बिताया।

Virat Kohli

गौरतलब है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अक्सर आध्यात्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए जाते रहे हैं और प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी आस्था पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से सामने आ चुकी है।

Also Read: IPL 2026: कप्तान श्रेयस अय्यर ने इनाम में रखा अपना बल्ला, जीतने के लिए PBKS के खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.