3000 रुपये महीना और 45 दिन में 7वां वेतन, अमित शाह ने बंगाल के लिए जारी किया बीजेपी का ‘गेमचेंजर’ मेनिफेस्टो
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रण में भारतीय जनता पार्टी ने अपना सबसे बड़ा चुनावी दांव चल दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसे ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया गया है। इस संकल्प पत्र के जरिए भाजपा ने महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों को साधने के लिए सीधे नकद लाभ (DBT) और कड़े प्रशासनिक सुधारों का ब्लूप्रिंट पेश किया है।
महिलाओं और युवाओं के लिए ‘कैश कार्ड’
अमित शाह ने बंगाल की माताओं-बहनों और बेरोजगार युवाओं के लिए बड़े वित्तीय वादे किए हैं।
लक्ष्मी भंडार का जवाब: भाजपा की सरकार बनने पर हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच प्रत्येक माता के खाते में 3000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
बेरोजगारी भत्ता: राज्य के बेरोजगार युवाओं को भी 3000 रुपये मासिक भत्ता देने का संकल्प लिया गया है।
महिला आरक्षण: पुलिस सहित राज्य की सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है।
लखपति दीदी: बंगाल में 75 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कर्मचारियों और घुसपैठ पर बड़ा प्रहार
राज्य सरकार के कर्मचारियों को लुभाते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार बनने के 45 दिन के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और बकाया डीए (DA) का भुगतान सुनिश्चित होगा।
UCC और सुरक्षा: सरकार बनने के 6 महीने के भीतर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।
घुसपैठ पर वार: गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी। सीमाओं को सील किया जाएगा और गौ-तस्करी को पूरी तरह रोका जाएगा। उन्होंने ममता सरकार पर सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन न देने का भी आरोप लगाया।
भ्रष्टाचार पर श्वेतपत्र और विकास का रोडमैप
अमित शाह ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन पर श्वेतपत्र लाने की घोषणा की है।
रोजगार: एक करोड़ स्वरोजगार और रोजगार के अवसर सृजित करने का वादा।
औद्योगिक विकास: पहले 100 दिनों में औद्योगिक विकास का रोडमैप बनेगा, विशेषकर उत्तर बंगाल और दार्जिलिंग चाय के लिए।
संस्कृति: बंगाल की संस्कृति के सम्मान में एक ‘वंदे मातरम् म्यूजियम’ बनाने और ग्रेटर कोलकाता के निर्माण का वादा किया गया है।
“ममता दीदी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं”
अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने जिस आशा के साथ ममता बनर्जी को जनादेश दिया था, सरकार उन पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने माफिया राज को समाप्त करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए रिटायर महिला जज की अध्यक्षता में सुनवाई तंत्र बनाने का भी आश्वासन दिया।

