Siddharthnagar News: दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता! पिता ने कहा- एक लाख रुपये के लिए कर दी बेटी की हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दहेज की लालसा में एक विवाहिता की गला घोंटकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) का दरवाजा खटखटाया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

विवाह के कुछ ही समय बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

जंगलीपुर गांव निवासी नूर मोहम्मद ने अपनी बेटी शहजादी फातिमा का निकाह 3 जुलाई 2023 को भवानीगंज निवासी अरशद अली के साथ किया था। नूर मोहम्मद के अनुसार, उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक निकाह में करीब 2 लाख रुपये नगद और कीमती घरेलू सामान दिया था। लेकिन निकाह के थोड़े दिन बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के लिए बेटी को परेशान करने लगे।

एक लाख की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप

पीड़ित पिता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पति अरशद अली, ससुर मोहम्मद इद्रीस और सास खुशबुन्निशा उर्फ नैकी लगातार एक लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। 5 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर शहजादी की हत्या कर दी। पिता का आरोप है कि भवानीगंज थाने में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

ससुर का संदिग्ध इतिहास

नूर मोहम्मद ने एक चौंकाने वाला आरोप यह भी लगाया कि मृतका के ससुर मोहम्मद इद्रीस पर पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या का आरोप लग चुका है। उस समय कड़ी कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले बुलंद थे, जिसका नतीजा आज उनकी बेटी को भुगतना पड़ा। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी अब उन पर मामला दबाने के लिए दबाव बना रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार

अपनी बेटी को खो चुके बेबस पिता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और हत्यारोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Bareilly News: स्मार्ट मीटर के खिलाफ चेयरमैन ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र,जनता में भारी रोष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.