Ayodhya News: राम जन्मभूमि परिसर में आज गूंजेंगे जयकारे, 11:30 बजे होगा हनुमान मंदिर का ध्वजारोहण

Sandesh Wahak Digital Desk: राम नगरी अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर स्थित परकोटे की दक्षिणी भुजा में बने हनुमान मंदिर में आज (गुरुवार) को धर्म ध्वजा फहराई जाएगी। हनुमान जयंती के विशेष अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में राम मंदिर आंदोलन के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद विनय कटियार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

ध्वजारोहण का समय सुबह 11:30 बजे निर्धारित किया गया है। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विनय कटियार (यह राम जन्मभूमि परिसर के किसी कार्यक्रम में उनकी पहली औपचारिक उपस्थिति होगी)। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि जयभान सिंह पवैया (पूर्व अध्यक्ष, बजरंग दल एवं सह-प्रभारी, महाराष्ट्र भाजपा) मौजूद रहेंगे। ट्रस्ट ने अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों सहित करीब 150 गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया है।

भक्तों और सुरक्षाकर्मियों के लिए विशेष अवसर

राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव ने बताया कि हनुमान जयंती के कारण ट्रस्ट ने मंदिर को आज पूरा दिन खुला रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, सामान्य दर्शनार्थियों को अभी हनुमान मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। ट्रस्ट के कर्मचारी, कार्यदायी एजेंसियों के कर्मी और सुरक्षाकर्मी आज पूरे दिन बजरंग बली के दर्शन कर सकेंगे।

हनुमान मंदिर का इतिहास और महत्व

प्राण प्रतिष्ठा: इस मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा पिछले वर्ष 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुई थी। यह मंदिर राम मंदिर के चारों ओर बने ‘परकोटे’ की दक्षिणी दिशा के मध्य में स्थित है। यहां नियमित रूप से पूजन-अर्चन तो होता है, लेकिन दर्शनार्थियों के लिए इसे अभी तक औपचारिक रूप से नहीं खोला गया है।

परकोटे के अन्य मंदिरों की स्थिति

राम जन्मभूमि परिसर में कुल सात पूरक मंदिर निर्मित हैं।

मां अन्नपूर्णा मंदिर: ध्वजारोहण हो चुका है।

भगवान सूर्यदेव मंदिर: ध्वजारोहण हो चुका है।

हनुमान मंदिर: आज ध्वजारोहण (2 अप्रैल)।

शेष चार मंदिर: मां दुर्गा, भगवान शिव, भगवान गणेश (परकोटे के भीतर) और शेषावतार मंदिर (परकोटे के बाहर) पर ध्वजारोहण होना अभी शेष है।

Also Read: Z+ सुरक्षा के साथ राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार, 20 साल बाद छोड़ी विधान परिषद की सदस्यता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.