Z+ सुरक्षा के साथ राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार, 20 साल बाद छोड़ी विधान परिषद की सदस्यता
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली प्रशासनिक और राजनीतिक अधिसूचना सामने आई है। गृह विभाग के पत्र के अनुसार, नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे। इस फैसले ने न केवल बिहार बल्कि देश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है।
इस्तीफे और शपथ का संभावित शेड्यूल
न्यूज एजेंसियों और सूत्रों के हवाले से जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार 10 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसके बाद शपथ ग्रहण के पश्चात उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की प्रबल संभावना है। बता दें कि नीतीश कुमार पहले ही 30 मार्च को बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं, जहां वे पिछले 20 वर्षों से सदस्य थे।

Z+ श्रेणी की सुरक्षा का कवच
मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार की सुरक्षा में कोई कमी नहीं की जाएगी। गृह विभाग ने ‘बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000’ के तहत उनकी संवेदनशीलता और खतरे के आकलन के आधार पर उन्हें Z+ सिक्योरिटी देने का निर्णय लिया है।
क्या है Z+ सिक्योरिटी?
यह देश की सर्वोच्च सुरक्षा श्रेणियों में से एक है। इसमें NSG कमांडो, CRPF और CISF के जवानों का घेरा शामिल होता है। गृह विभाग ने समीक्षा के बाद उन्हें इस उच्च स्तरीय सुरक्षा के योग्य माना है ताकि पद छोड़ने के बाद भी वे पूरी तरह सुरक्षित रहें।
गृह विभाग द्वारा पुलिस महानिदेशक (DGP) को जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता त्यागकर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। यह पत्र प्रशासनिक गलियारों में इस बड़े बदलाव की आधिकारिक मुहर माना जा रहा है।

