कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन मुस्तैद, सभी 6 तहसीलों में लगे हाईटेक सेवा शिविर

Bareilly News: जनपद बरेली में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले की सभी तहसीलों में सुव्यवस्थित कांवड़ सेवा शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में शिवभक्तों के विश्राम से लेकर भोजन, स्वास्थ्य और मनोरंजन तक की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई है।

9 अगस्त को सभी तहसीलों में भंडारे और भजन संध्या

जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल यानी 9 अगस्त (रविवार) को जिले की सभी तहसीलों में भव्य भंडारों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं।

तहसील बहेड़ी: मुड़िया टोल के समीप

तहसील सदर: परशुराम मंदिर, लाल फाटक के पास

तहसील फरीदपुर: ग्राम देवरनियां, बुखारा रोड

तहसील आंवला: भमौरा

तहसील मीरगंज: कुलचा खुर्द

तहसील नवाबगंज: उपमंडी स्थल

खास बात यह है कि तहसील आंवला और नवाबगंज के शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए दिन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा।

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन मुस्तैद

महिलाओं के लिए पृथक व्यवस्था और अत्याधुनिक सुविधाएं

कांवड़ियों की थकान मिटाने और सुविधा के लिए शिविरों में विश्राम हेतु बेड्स, शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्नान के इंतजाम किए गए हैं। महिला और पुरुष कांवड़ियों के ठहरने व शौचालय की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स और वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन मुस्तैद

सुरक्षा चाक-चौबंद, रूटों पर लगातार निगरानी

यात्रा मार्गों और शिविरों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही पालन करें, नियमों व अनुशासन को बनाए रखें और यात्रा के दौरान किसी भी सहायता के लिए शिविरों में तैनात कर्मचारियों से संपर्क करें।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Assam Flood: समय रैना ने बाढ़ पीड़ितों के लिए दान किए 10 लाख रुपये, CM सरमा ने की तारीफ, FIR वापस लेने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.