महिलाओं को 2000 मासिक सहायता और फ्री LPG देने का वादा, BJP ने तमिलनाडु के लिए जारी किया संकल्प पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने लोकलुभावन चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। राज्य में 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले, बीजेपी ने मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादों की झड़ी लगा दी है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया कि AIADMK के नेतृत्व वाले गठबंधन (NDA) की सरकार बनने पर राज्य के विकास और सुरक्षा का नया ढांचा तैयार किया जाएगा।

घोषणापत्र में महिलाओं पर फोकस

भाजपा ने महिला मतदाताओं को अपनी ओर खींचने के लिए मासिक आय और बचत का कार्ड खेला है। घर की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, हर परिवार को एक बार में 10,000 रुपये की सहायता राशि भी मिलेगी।

फ्री गैस और स्कूटर: हर साल मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।

ब्याज मुक्त कर्ज: महिला स्वयं सहायता समूहों और MSMEs को 50 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

पीएम-किसान योजना को और विस्तार देने का वादा

किसानों के लिए भाजपा ने पीएम-किसान योजना को और विस्तार देने का वादा किया है। केंद्र से मिलने वाले 6,000 रुपये में राज्य सरकार अपनी ओर से 3,000 रुपये अतिरिक्त जोड़ेगी, जिससे किसानों को सालाना 9,000 रुपये मिलेंगे।

अपराध मुक्त तमिलनाडु का वादा करते हुए पार्टी ने कहा, सभी स्कूलों, विश्वविद्यालयों और सार्वजनिक बसों में 100% सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित की जाएगी। यौन अपराधों के लिए विशेष अदालतों का गठन और गवाहों की पुख्ता सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा। किसी भी अपराध की रिपोर्टिंग को आसान बनाने के लिए जीरो एफआईआर की व्यवस्था लागू होगी।

Also Read: UP News: अरबों की ठगी का चोखा धंधा ऑनलाइन गेमिंग एप, विदेश में बैठे हैं आका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.