प्रशांत किशोर की पार्टी के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मुरी के जंगलों में मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर 21 वर्षीय देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को रांची जिले के मुरी जंक्शन के पास जंगलों से बरामद हुआ है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी और आईआईएमसी (IIMC) दिल्ली के पूर्व छात्र देवपालिक 26 अक्टूबर को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे। यात्रा के दौरान दोपहर में मुरी स्टेशन के समीप वह भोजन का ऑर्डर देने पेंट्री कार की ओर गए थे, जिसके बाद रहस्यमयी ढंग से गायब हो गए। शव मिलने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह दुर्घटना है या कोई साजिश।
पुलिस और जीआरपी पर क्षेत्राधिकार के नाम पर देरी का आरोप
देवपालिक के सहकर्मियों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर शुरुआती घंटों में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथियों का कहना है कि उनके गायब होने के बाद जब रेल मदद ऐप से शिकायत की गई, तो आरपीएफ और जीआरपी के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर खींचतान चलती रही। इसके चलते एफआईआर दर्ज करने में करीब 6 घंटे का विलंब हुआ और रात में कोई सघन तलाशी अभियान नहीं चलाया गया।
हेमंत सोरेन से लगाई गई थी मदद की गुहार
घटना के बाद जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रांची जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार को शव मिलने के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Also Read: गर्भवती महिला पत्रकार से धक्का-मुक्की मामले में राहुल गांधी पर 3 नवंबर को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

