Greater Noida News: पहले पत्नी के साथ पी शराब, फिर चुन्नी से गला घोंटकर की उसकी हत्या
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यहां पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। विवाद के बाद आरोपी पति ने अपनी ही पत्नी की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई है। कविता ने करीब 9 साल पहले मोहित नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। मोहित मूल रूप से दादरी के चिटहेरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में वह अपनी पत्नी के साथ जारचा रोड पर रह रहा था। दोनों के दो बच्चे भी हैं एक बेटा और एक बेटी।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों शराब पीने के आदी थे और घटना से पहले भी उन्होंने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 3 बजे दोनों के बीच जोरदार कहासुनी हुई थी, जिसे पड़ोसियों ने शांत कराया था।
इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। लेकिन सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए, जहां कविता का शव पड़ा हुआ था। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दादरी थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को डायल 112 से सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
प्राथमिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी मोहित घटना के बाद फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।

