Budaun News: आग का गोला बनी CNG कार, इलाज कराकर लौट रही पत्नी की जलकर मौत, पति की हालत गंभीर

Budaun News: नियति का खेल भी कितना अजीब और क्रूर होता है, इसका एक भयावह उदाहरण बदायूं जिले में देखने को मिला। शुक्रवार की आधी रात एक दंपत्ति के लिए काल बनकर आई। लखनऊ के अस्पताल से डिस्चार्ज होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे पति-पत्नी की कार अचानक धधक उठी। इस भीषण हादसे में पत्नी की कार के अंदर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर रोड पर रौता गांव के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। उसहैत कस्बे के रहने वाले अर्पित भारद्वाज (32) अपनी पत्नी प्रिया (28) को लखनऊ से इलाज कराकर घर ला रहे थे। प्रिया का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था और वह स्वस्थ होकर कार की पिछली सीट पर लेटी हुई थीं। तभी अचानक चलती कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पिछली सीट पर लेटी प्रिया को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

मदद के लिए चीखते रहे, पर सब खाक हो गया

सन्नाटे को चीरती हुई चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक कार आग का शोला बन चुकी थी। अर्पित ने किसी तरह बाहर निकलकर खुद को तो बचा लिया, लेकिन वह अपनी पत्नी को उस आग से नहीं निकाल पाए और खुद भी बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुँची, पर जब तक आग बुझाई गई, प्रिया का शरीर पूरी तरह जल चुका था।

अर्पित भारद्वाज, जो पहले पत्रकार रह चुके हैं और वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं, उनकी शादी साल 2023 में ही लखनऊ की प्रिया से हुई थी। पत्नी के सफल ऑपरेशन के बाद पूरा परिवार खुश था कि अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन घर पहुँचने से कुछ ही किलोमीटर पहले इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

अर्पित के पिता प्रमोद भारद्वाज ने भारी मन से इस हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है, जबकि बहू अब इस दुनिया में नहीं रही। पुलिस ने घायल अर्पित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और प्रिया के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Also Read: हजार करोड़ की सफलता के बीच नागपुर पहुंचे रणवीर सिंह, मोहन भागवत से मुलाकात पर मचा सियासी घमासान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.