अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी बारातियों की कार, 5 लोगों की डूबकर मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक हृदयविदारक हादसे ने शादी की तैयारियों और खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के पास बारातियों से भरी एक महिंद्रा एक्सयूवी अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। पानी में कार के दरवाजे ऑटो-लॉक हो जाने के कारण उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके, जिससे दम घुटने से पांच युवाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।

मृतकों में दूल्हे का मौसेरा भाई भी शामिल

यह हादसा तब हुआ जब बांगुरसिंह गांव से अभिषेक साहू की बारात इंदुपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में छाटिया के पास एक मोड़ पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे पानी में चली गई। मृतकों की पहचान राम साहू (25), अविनाश साहू (26), राकेश कुमार साहू (25), चंद्रकांत स्वाईं (27) और दूल्हे के मौसेरे भाई अभिजीत साहू के रूप में हुई है। स्थानीय निवासियों ने काफी प्रयास के बाद कार को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पांचों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।

हादसे के बाद बांगुरसिंह और इंदुपुर दोनों गांवों में मातम पसर गया है। शादी वाले घर में शहनाइयों की जगह चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Jan Neta Release: विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नेता’ रिलीज, थिएटरों में जश्न, डांस-लेजर शो और आतिशबाजी से हुआ स्वागत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.