Hardoi News: दो बसों के बीच फंसी महिला की मौत, 10 साल पहले पति भी बना था ऐसे ही हादसे का शिकार
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह की दो बसों के बीच दबकर मौके पर ही मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह है कि करीब 10 साल पहले उनके पति सर्वेश सिंह की भी इसी तरह एक सड़क हादसे में जान चली गई थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बस पकड़ने पहुंचीं, लापरवाही बनी मौत की वजह
जानकारी के मुताबिक, पति की मौत के बाद नेहा सिंह एक निजी दवा कंपनी में नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। बुधवार दोपहर घरेलू काम खत्म करने के बाद वह बांगरमऊ जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे पहुंचीं। वह एक बस के पास खड़ी थीं, तभी दूसरी बस कट मारते हुए निकलने लगी।
बताया जा रहा है कि चालक ने केवल दूसरी बस से दूरी पर ध्यान दिया और नीचे खड़ी नेहा को नहीं देख सका। देखते ही देखते वह दोनों बसों के बीच फंस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
10 साल पहले पति की भी हादसे में गई थी जान
हादसे के बाद दोनों बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बसों की पहचान कर ली है। कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों बस चालकों की लापरवाही सामने आई है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नेहा के देवर वीरेश सिंह ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले सर्वेश सिंह की मौत डीसीएम और ट्रक के बीच फंसने से हुई थी। पति के निधन के बाद नेहा ने संघर्ष कर 15 वर्षीय बेटी रिया और 11 वर्षीय बेटे विवेक का पालन-पोषण किया। अब मां की मौत के बाद दोनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

