जंतर-मंतर प्रदर्शन पर केंद्र की पहल, 24 घंटे में भेजे बातचीत के 4 प्रस्ताव
Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रतिनिधियों को केंद्र सरकार ने एक बार फिर बातचीत का न्योता दिया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से बुधवार दोपहर से गुरुवार दोपहर तक प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए चार औपचारिक प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने साफ कहा कि सरकार के लिए यह प्रतिष्ठा का मुद्दा नहीं है। बातचीत के जरिए ही किसी भी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। सरकार प्रदर्शनकारियों की सुविधा और समय के अनुसार चर्चा के लिए तैयार है।
जेपी नड्डा के घर या ऑफिस में हो सकती है बैठक
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “सरकार ने कल दोपहर से उनके प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए चार औपचारिक प्रस्ताव भेजे हैं। यह हमारे सभी युवा दोस्तों के लिए खुला निमंत्रण है कि सरकार आपकी सुविधा और समय के अनुसार सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है।”
उन्होंने बताया कि चर्चा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के कार्यालय या उनके आवास पर की जा सकती है। बैठक में जेपी नड्डा और वह खुद मौजूद रहेंगे।
मंत्री ने की छात्रों से बातचीत की अपील
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं और छात्रों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे बातचीत के लिए आगे आएं और मिलकर समाधान निकालने की दिशा में बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से सभी मुद्दों को समझने और उनका समाधान तलाशने के लिए तैयार है।
Also Read : कर्नाटक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, जानिए क्या हैं आरोप

