इनामी शराब तस्कर मनवीर उर्फ मन्नू पंजाब से गिरफ्तार, UP STF ने जीरकपुर में दबोचा

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राज्यों के बीच अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क के मुख्य सदस्य को धर दबोचा है। प्रयागराज जिले से वांछित और 50,000 रुपये का इनामी अभियुक्त मनवीर सिंह उर्फ मन्नू, पंजाब के मोहाली (जीरकपुर) से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने 22 जुलाई, 2026 की शाम को इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसटीएफ को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की गतिविधि की भनक मिल रही थी। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन और निरीक्षक जय प्रकाश राय की अगुवाई में टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। सूचना मिली कि मनवीर सिंह पंजाब में छिपा हुआ है। इसके बाद उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह और उनकी टीम ने जीरकपुर के मेट्रो चौक पर स्थित कल्याण ज्वैलर्स के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और ₹1010 की नकदी बरामद हुई है।

अंडे और पास्ता के पीछे छिपाकर लाते थे शराब

पूछताछ में मनवीर ने कबूला कि वह अपने साथी नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर चंडीगढ़-पंजाब से सस्ते दामों पर शराब खरीदता था। इसके बाद ट्रकों में चेकिंग से बचने के लिए शराब की पेटियों को सड़े अंडे, मुर्गी का दाना, प्लास्टिक स्क्रैप या पास्ता के बोरों के नीचे छिपा दिया जाता था। यह गिरोह उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तराखंड जैसे राज्यों में तस्करी का धंधा चला रहा था।

प्रयागराज और अमेठी केस में चल रहा था वांछित

साल 2023 में प्रयागराज के थाना नवाबगंज क्षेत्र में सड़े अंडों की आड़ में भेजी जा रही शराब से लदे ट्रक को पुलिस ने पकड़ा था, जिसमें मनवीर मुख्य आरोपी था। मुकदमा दर्ज होने और इनाम घोषित होने के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। इसके अलावा वर्ष 2023 में अमेठी के कमरौली में भी इसका ट्रक पकड़ा गया था, जिसमें यह 2024 में जेल जा चुका है।

आरोपी के खिलाफ अमेठी, सुलतानपुर, प्रयागराज, कौशांबी और कानपुर नगर के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी के लगभग आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को जीरकपुर थाने में दाखिल करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रयागराज लाया गया है।

Also Read: जंतर-मंतर प्रदर्शन पर केंद्र की पहल, 24 घंटे में भेजे बातचीत के 4 प्रस्ताव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.