मुंबई की सुपरगर्ल बनीं रिया यादव, बारिश में अकेले पुलिस वैन के आगे खड़ी होकर किया प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: NEET पेपर लीक के खिलाफ देशभर में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच मुंबई से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। भारी बारिश के बीच एक युवती ने अकेले ही पुलिस वैन को रोक लिया और हिरासत में लिए गए छात्रों की रिहाई तक आंदोलन जारी रखा। इस घटना के बाद इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने उन्हें मुंबई की सुपरगर्ल का नाम दे दिया है।

बारिश में पुलिस वैन के आगे खड़ी हुईं रिया

बुधवार को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क के निकट छात्रों और प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन में डालना शुरू किया।

तभी रिया यादव नामक युवती हुडी और कैप पहने भारी बारिश में सीधे पुलिस वैन के आगे जाकर खड़ी हो गईं। उन्होंने एक हाथ से वैन को रोका और आगे बढ़ने नहीं दिया। रिया काफी देर तक इसी मुद्रा में खड़ी रहीं और उनके इस साहसिक कदम के कारण ही कुछ हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को छुड़ाने में सफलता मिली।

रिया ने क्यों उठाया ये कदम

घटना के बाद रिया ने अपनी बात रखते हुए कहा, मैं समझती हूं कि पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन वे जिम्मेदारी से ऐसा नहीं कर रहे हैं। अगर वे जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे, तो हमें अपने नागरिकों की जिम्मेदारी लेनी होगी।

उन्होंने आगे कहा, मैं न तो किसान हूं, न दलित। लेकिन दिल्ली में छात्रों के साथ जो हुआ, वह बिल्कुल गलत था। हम दिल्ली में जंतर-मंतर नहीं जा सकते। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए और उन्हें जंतर-मंतर जाकर छात्रों से बात करनी चाहिए।

कौन हैं रिया यादव

रिया यादव पेशे से एक अभिनेत्री, मॉडल और उद्यमी हैं। वे कई म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैं और हाल ही में उनका गाना ‘दिलबरा’ चर्चा में रहा। मनोरंजन जगत के अलावा, रिया अपना खुद का पर्सनलाइज्ड क्लोदिंग ब्रांड ‘रियासत’ चलाती हैं, जहां वे खुद कपड़े डिजाइन करती हैं। सोशल मीडिया पर उनके इंस्टाग्राम के करीब 1 लाख फॉलोअर्स हैं।

Also Read: कर्नाटक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, जानिए क्या हैं आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.