CJP प्रोटेस्ट पर चुप्पी को लेकर आर माधवन पर सवाल, FTII छात्रों ने कैबिन के बाहर लगाया ‘गायब’ पोस्टर
Mumbai News: नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर देशभर में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच अभिनेता आर माधवन की चुप्पी चर्चा का विषय बन गई है।
फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के छात्रों ने माधवन के रुख पर सवाल उठाते हुए उनके कैबिन के बाहर पोस्टर लगाकर विरोध जताया है।
छात्रों ने पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘गायब’ लिखा और साथ में ‘NEET For Sale’ का संदेश भी दिया। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
छात्रों का कहना है कि माधवन FTII के चेयरमैन पद पर हैं, ऐसे में छात्रों से जुड़े इतने बड़े मुद्दे पर उनकी चुप्पी निराश करने वाली है।
माधवन की चुप्पी पर उठे सवाल
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र संगठन लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह आंदोलन संसद तक पहुंच चुका है, जहां प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इस मुद्दे पर कई फिल्मी हस्तियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, लेकिन आर माधवन ने अब तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।
इसी को लेकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उनसे सवाल पूछने शुरू कर दिए हैं।
FTII छात्रों ने जताई नाराजगी
FTII छात्रों द्वारा लगाए गए पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
कई यूजर्स ने कहा कि माधवन जैसे सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए माधवन की चुप्पी पर तंज भी कसा।
कई सितारों ने किया CJP प्रदर्शन का समर्थन
जहां आर माधवन ने इस मुद्दे पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है, वहीं कई बॉलीवुड सितारों ने CJP आंदोलन और छात्रों की मांगों का समर्थन किया है।
अभिनेता इमरान खान, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल, ओमी वैद्य और सोनाक्षी सिन्हा समेत कई कलाकारों ने प्रदर्शन को लेकर अपनी राय रखी है।
इसके अलावा शबाना आजमी, प्रकाश राज, अमोल पराशर और अन्य कलाकार प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जंतर-मंतर भी पहुंचे थे।
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, सरकार की ओर से इस मामले में कई कदम उठाए जाने की बात कही गई है।
Also Read: दुल्हन बनेंगी भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह, मिल गया जीवनसाथी?

