चुनावी रुझानों पर बोलीं ममता बनर्जी, हार नहीं मानेंगे, बीजेपी की बढ़त महज एक चाल

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी की बड़ी बढ़त के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोर्चा संभाल लिया है। भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे बीजेपी की एक सोची-समझी चाल करार दिया है। उन्होंने अपने काउंटिंग एजेंटों और उम्मीदवारों को सख्त हिदायत दी है कि वे किसी भी हाल में मतगणना केंद्र न छोड़ें।

सूरज ढलने के बाद हमारी ही जीत होगी

ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शुरुआती रुझानों से निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी अभी भी 100 से अधिक सीटों पर आगे है, लेकिन मीडिया और आधिकारिक आंकड़ों में इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। ममता ने कहा, अभी सिर्फ 2-4 राउंड की गिनती हुई है, जबकि असली तस्वीर 14-18 राउंड के बाद साफ होगी। अंधेरा होने दीजिए, जीत का परचम तृणमूल ही लहराएगी।

चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कल्याणी जैसे इलाकों में ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी पाई गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बल पुलिस के साथ मिलकर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर जुल्म कर रहे हैं और कई जगहों पर जानबूझकर काउंटिंग को रोक दिया गया है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी 183 सीटों पर प्रचंड बढ़त बनाए हुए है, जबकि टीएमसी 91 सीटों पर सिमटती दिख रही है।

Also Read: Lucknow News: लोकभवन में सीएम योगी ने लेखा परीक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र, विपक्ष पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.