Siddharthnagar News: साइबर सेल के निरीक्षण में दिए सुशासन के मंत्र, बोले- ‘गोल्डन आवर’ में कार्रवाई जरूरी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और पीड़ितों की गाढ़ी कमाई वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। थाना जोगिया उदयपुर की साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए एक आवेदक के गलत खाते में ट्रांसफर हुए ₹11,000 की संपूर्ण धनराशि वापस करा दी है।

गलत नंबर पड़ने से दूसरे के खाते में चली गई थी रकम
मामला 1 मार्च 2026 का है, जब थाना जोगिया उदयपुर के ग्राम पलिया निधि निवासी कन्हैया लाल यादव ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि यूपीआई (UPI) के माध्यम से पैसा भेजते समय मोबाइल नंबर गलत अंकित हो जाने के कारण ₹11,000 किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चले गए थे।
सीओ बांसी के निर्देशन में मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन व क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने इस पर तत्काल कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी अवधेश यादव और उनकी टीम के प्रयासों से यह रकम सुरक्षित वापस करा दी गई।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
उ.नि. अभय सिंह (थानाध्यक्ष, जोगिया उदयपुर)
उ.नि. अवधेश यादव (प्रभारी साइबर सेल)
कंप्यूटर ऑपरेटर सेनजीत निषाद
का. विकास कुमार गोंड

सीओ बांसी ने किया साइबर सेल का निरीक्षण
क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेंदु सिंह ने थाना जोगिया उदयपुर पर स्थापित साइबर सेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों की गहन जांच की और उनके रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ सुबेंदु सिंह ने साइबर अपराधों के निस्तारण में ‘गोल्डन आवर’ (अपराध के तुरंत बाद का समय) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे जनमानस में साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाएं ताकि लोग धोखाधड़ी का शिकार न हों। उन्होंने विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने की हिदायत भी दी।
रिपोर्ट: जाकिर खान

