कर्नल श्रीकांत पुरोहित बने ब्रिगेडियर, 17 साल की कानूनी जंग के बाद भारतीय सेना ने बहाल किया सम्मान
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना ने एक साहसिक और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए कर्नल श्रीकांत पुरोहित को ब्रिगेडियर के पद पर पदोन्नत (Promote) कर दिया है। यह फैसला न केवल एक अधिकारी के करियर की बहाली है, बल्कि उस लंबे संघर्ष का सुखद अंत भी है, जिसमें उन्होंने करीब 17 साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी और जेल की सलाखें तक झेलीं।
कर्नल पुरोहित 31 मार्च, 2026 को रिटायर होने वाले थे। हालांकि, सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (Armed Forces Tribunal) ने 16 मार्च को उनकी सेवानिवृत्ति पर रोक लगा दी थी। न्यायाधिकरण का कहना था कि जब तक उनकी पदोन्नति से जुड़ी शिकायतों का निपटारा नहीं हो जाता, उन्हें सेवा से मुक्त नहीं किया जा सकता। सेना ने इस निर्देश का सम्मान करते हुए न केवल उन्हें पदोन्नत किया, बल्कि उनकी सेवा अवधि को भी 2 साल के लिए बढ़ा दिया है। अब वह 31 मार्च, 2028 तक देश की सेवा कर सकेंगे।
सैम मानेकशॉ जैसी दुर्लभ उपलब्धि
ब्रिगेडियर पुरोहित के नाम अब सेना के इतिहास का एक दुर्लभ रिकॉर्ड जुड़ गया है। वह उन गिने-चुने अधिकारियों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें बिना कर्नल स्तर पर किसी यूनिट को कमांड किए सीधे ब्रिगेडियर बनाया गया है। इससे पहले यह गौरव केवल महान सैन्य अधिकारी और पूर्व सेनाध्यक्ष सैम मानेकशॉ के नाम था।
9 साल जेल और बेगुनाही का लंबा सफर
श्रीकांत पुरोहित का मामला भारतीय न्याय प्रणाली के इतिहास में सबसे चर्चित रहा है।
गिरफ्तारी और जेल: 2008 के मालेगांव धमाकों के मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया और उन्होंने करीब 9 साल जेल में बिताए।
सुप्रीम कोर्ट से राहत: लंबी कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें सर्वोच्च न्यायालय से जमानत मिली।
पूर्ण दोषमुक्ति: आखिरकार जुलाई 2025 में विशेष अदालत ने उन्हें सबूतों के अभाव में पूरी तरह बरी कर दिया, जिससे उनके दामन पर लगे दाग धुल गए।
सेना ने दिया न्याय का संदेश
ब्रिगेडियर पुरोहित का 20 साल से अधिक का करियर बेदाग रहा है और उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों में उत्कृष्ट भूमिका निभाई है। उनके जूनियर्स प्रमोट होकर ब्रिगेडियर बन गए थे, जबकि वह कानूनी पेचों मंी फंसे रहे। सेना के इस कदम ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि संस्था अपने ईमानदार और निर्दोष अधिकारियों के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहती है।
Also Read: Mirzapur News: मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

