Mirzapur News: मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब वह सुबह की सैर पर निकले थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा वीडियो पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ताबड़तोड़ फायरिंग और मौके पर मौत

घटना कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारू इलाके की है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू शनिवार सुबह हमेशा की तरह टहलने निकले थे। तभी मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। एक बदमाश ने बिल्कुल करीब से देसी तमंचे से रिंकू सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

CCTV में कैद ‘कातिलों की हड़बड़ाहट’

वायरल वीडियो में एक बेहद हैरान करने वाला नजारा दिखा। हत्या करने के बाद जब बदमाश भागने लगे, तो उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हुई। कुछ पलों के लिए हत्यारे मौके पर ही फंस गए। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का साहस भी दिखाया। खुद को घिरता देख पीछे बैठे शूटर ने भीड़ की तरफ तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर डराया। अंत में गोली मारने वाले शूटर ने खुद आगे की सीट पर बैठकर किसी तरह बाइक स्टार्ट की और दोनों तेजी से फरार हो गए।

इलाके में भारी तनाव, पुलिस की घेराबंदी

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। वकीलों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है।

Also Read: UP Politics: फुले जयंती पर मायावती का सियासी वार, सपा के PDA को बताया ‘अति-दुखद चेहरा’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.