डर, धमकी और डिजिटल ठगी, गोरखपुर की युवती के साथ हुआ 96 हजार का Cyber fraud

Cyber fraud in Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मोहद्दीपुर की रहने वाली एक युवती को ठगों ने फोन कर दावा किया कि उसके पिता को चरस और स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद एक मारपीट का वीडियो भेजकर परिवार को इतना डरा दिया कि उन्होंने 96 हजार रुपये साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।

पीड़िता पूजा ने एसपी नॉर्थ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताया और कहा कि उसके पिता नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए हैं। कुछ ही देर बाद उसने एक वीडियो भेजा, जिसमें एक व्यक्ति की पिटाई होती दिखाई दे रही थी और मदद की गुहार सुनाई दे रही थी।

आरोप है कि वीडियो भेजने के बाद कॉलर ने पिता को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि अगर किसी से इस बारे में बात की गई तो उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी। डर के माहौल में परिवार ने गहने बेचकर और ब्याज पर रुपये लेकर ठगों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर 96 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

हालांकि बाद में जब परिवार ने पिता से संपर्क किया तो पूरा सच सामने आ गया। उस समय पिता बेंगलुरु में काम कर रहे थे और उनके साथ ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। तब परिवार को Cyber fraud का एहसास हुआ।

पीड़िता ने 20 मई 2026 को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद कैंट थाने में भी जानकारी दी गई। अब मामले में कार्रवाई तेज कराने के लिए उसने एसपी नॉर्थ से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

नौकरी दिलाने के नाम पर भी 2.23 लाख की ठगी

उधर, बड़हलगंज क्षेत्र में पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.23 लाख रुपये ठगने का मामला भी सामने आया है। चैनपुर गांव की रहने वाली माया देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के रोहित निषाद ने खुद को बिहार पुलिस का सिपाही बताकर उनके बेटे को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

शिकायत के मुताबिक, अलग-अलग तारीखों में 2.23 लाख रुपये आरोपी और उसके परिजनों के खातों में जमा कराए गए, लेकिन नौकरी नहीं मिली। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Saharanpur में हाई-प्रोफाइल तस्करी का भंडाफोड़, ऑडी से मिले दोमुंहे सांप और लाखों रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.