दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में चूक, UP नंबर की कार ने तोड़ा गेट, स्पीकर की गाड़ी पर फेंकी स्याही

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को लोकतंत्र के मंदिर ‘दिल्ली विधानसभा’ की सुरक्षा में एक बड़ी और चौंकाने वाली चूक सामने आई है। दोपहर करीब 2 बजे एक उत्तर प्रदेश (UP) नंबर की कार सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में घुस गई और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की कार पर स्याही फेंककर फरार हो गई।

फिल्मी अंदाज में वारदात: गेट तोड़कर घुसी कार

दिल्ली पुलिस के डीसीपी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2 बजे, उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक कार ने गेट नंबर 2 से जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विधानसभा का लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया।

कार सवार नकाबपोश शख्स सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा। वहां उसने बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखा और अध्यक्ष की सरकारी गाड़ी पर काली स्याही फेंक दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी तेज रफ्तार कार से मौके से भागने में सफल रहा।

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

घटना के वक्त गेट नंबर 2 पर CRPF के जवान तैनात थे, फिर भी कार का अंदर घुसना और आरोपी का भाग निकलना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कार चला रहे शख्स ने अपना चेहरा ढक रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके।

पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने पूरे विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी के नंबर और आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह किसी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

Also Read: शराब घोटाला: अरविंद केजरीवाल खुद करेंगे अपनी पैरवी, 13 अप्रैल को अगली सुनवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.